1
1
1
2
3

नई दिल्ली। कैंसर का इलाज करा रहे परिवारों के लिए राहत की खबर है। केंद्र सरकार ने कैंसर की 137 दवाओं की घटी हुई कीमतें मरीजों तक पहुंचाने के लिए निगरानी कड़ी कर दी है। राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (एनपीपीए) ने शुक्रवार को दवा कंपनियों, वितरकों, मेडिकल स्टोर और अस्पतालों को नई एमआरपी का पालन करने का निर्देश दिया। ये संशोधित कीमतें 9 नवंबर से लागू हैं।
एनपीपीए ने 17 अक्तूबर को आदेश जारी कर इन गैर-अनुसूचित कैंसर रोधी दवाओं को ट्रेड मार्जिन रेशनलाइजेशन व्यवस्था में शामिल किया था। इसके तहत आपूर्ति श्रृंखला में कारोबारियों का मार्जिन अधिकतम 30 फीसदी रखा गया है। यह सीमा अस्पतालों की फार्मेसी और खुदरा दुकानों पर भी लागू है, चाहे दवा टैबलेट हो या इंजेक्शन, अकेले बिके या किसी दूसरी दवा के साथ मिलाकर।
सरकार के अनुसार कुछ दवाओं की कीमत 96.45 फीसदी तक कम हुई है। 650 से ज्यादा फॉर्मूलेशन की एमआरपी आधी से भी नीचे आ गई है, जबकि ज्यादातर दवाओं के दाम 50 से 75 फीसदी के बीच घटे हैं। 9 नवंबर तक 85 कंपनियों ने 121 दवाओं की नई कीमतें बताई थीं, जिनमें कुल 1,366 एसकेयू शामिल हैं। सरकार का अनुमान है कि इससे मरीजों को कुल 3,541 करोड़ रुपये की बचत होगी।
सभी मेडिकल स्टोर, अस्पताल और डीलरों को नई कीमतों की सूची अपने परिसर और वेबसाइट पर साफ दिखानी होगी। राज्यों के औषधि नियंत्रकों को निगरानी का जिम्मा दिया गया है और उन्हें 16 नवंबर तक अपनी कार्रवाई रिपोर्ट एनपीपीए को भेजनी है। तय कीमत से ज्यादा वसूली पर डीपीसीओ 2013 के तहत कार्रवाई हो सकती है।
अगर आपके परिवार में कोई कैंसर की दवा ले रहा है, तो खरीदने से पहले एनपीपीए की वेबसाइट या 'फार्मा सही दाम' ऐप पर उस दवा की नई कीमत जांच लें। दुकानदार ज्यादा पैसे मांगे या दवा न मिले, तो इसी ऐप-पोर्टल, एनपीपीए हेल्पलाइन या ईमेल पर शिकायत दर्ज कराएं।
यूपी में हेल्थ सप्लीमेंट पर सख्ती: डायबिटीज केयर, लिवर डिटॉक्स जैसे नाम बैन; इलाज का दावा नहीं चलेगा
मीरजापुर के भैरो प्रसाद जायसवाल अस्पताल में छह माह से आंखों का ऑपरेशन ठप, धूल फांक रहीं मशीनें
थंबनेल फोटो साभार (सांकेतिक तस्वीर): Jorge Royan / Wikimedia Commons (CC BY-SA 3.0); epSos.de / Wikimedia Commons (CC BY 2.0)। संपादित।