1
1

मीरजापुर शहर की मंडी समिति स्थित क्रय केंद्र पर शुक्रवार को खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 की धान खरीद की औपचारिक शुरुआत हो गई। पहले दिन दो किसानों से कुल 103 कुंतल धान खरीदा गया।
जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने केंद्र का शुभारंभ किया। सिटी ब्लॉक के नुआव गांव के किसान सुखनन्दन दूबे को माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर खरीद की शुरुआत कराई गई। सुखनन्दन ने 43 कुंतल धान बेचा, जबकि किसान रामानन्द दूबे से करीब 60 कुंतल धान लिया गया।
शासन ने एक नवंबर से ही केंद्रों पर खरीद की मंजूरी दे दी थी, लेकिन बीच में हुई बारिश से जिले में धान की कटाई और मड़ाई पिछड़ गई। इसी वजह से अब तक केंद्रों पर खरीद नहीं हो सकी थी।
जिले में धान खरीद के लिए कुल 132 केंद्र चलाए जा रहे हैं। इनमें खाद्य विभाग के 45, पीसीएफ के 18, पीसीयू के 37, यूपीएसएस के 30, मंडी समिति का एक और एफसीआई का एक केंद्र शामिल है।
डीएम ने निर्देश दिया कि हर केंद्र पर 10 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले किसानों से ही धान खरीदा जाए। साथ ही केंद्र के आसपास सफाई, किसानों के बैठने और साफ पीने के पानी का इंतजाम रखने को कहा।
मौके पर पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक, विंध्याचल मंडल के संभागीय खाद्य नियंत्रक आरबी प्रसाद, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह और जिला खाद्य विपणन अधिकारी संजीव सिंह मौजूद रहे।
कटाई-मड़ाई पूरी कर चुके किसान अब अपना धान सरकारी केंद्रों पर बेच सकते हैं। डीएम के निर्देश के मुताबिक अपने गांव से 10 किलोमीटर के भीतर पड़ने वाले क्रय केंद्र पर ही धान लेकर जाएं।
मीरजापुर: 47 गोशालाओं में 14,995 पशु, धान खरीद के 132 केंद्र; दर्जा प्राप्त मंत्री ने परखी व्यवस्था
मीरजापुर में डीएपी का संकट: जरूरत 9409 टन, समितियों को मिली 4432 टन; मंत्री से चार रैक की मांग
थंबनेल फोटो साभार (सांकेतिक तस्वीर): Fredericknoronha / Wikimedia Commons (CC BY-SA 4.0)। संपादित।