1
1

अहरौरा (मीरजापुर)। मीरजापुर के अहरौरा थाना क्षेत्र के जंगल महाल में बेचूबीर बाबा का तीन दिन का सालाना मेला कल, बुधवार 18 नवंबर से शुरू हो रहा है और 20 नवंबर तक चलेगा। मेला जरगो जलाशय के किनारे पहाड़ों की तलहटी में लगता है। मेले से पहले प्रशासन ने साफ कर दिया है कि यहां जुआ, नशे का सामान बेचने और श्रद्धालुओं या दुकानदारों से अवैध वसूली करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
मेला स्थल पर आयोजकों और अधिकारियों की बैठक में चुनार के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) ने हर विभाग का काम तय किया:
– नगर पालिका अहरौरा: मेला परिसर में साफ-सफाई और पीने के पानी का इंतज़ाम। – बिजली विभाग: मेले के दिनों में बिना रुकावट बिजली। – स्वास्थ्य विभाग: मेले में इलाज की व्यवस्था। – पुलिस: सुरक्षा कड़ी रखना और असामाजिक तत्वों पर नज़र।
एसडीएम ने कहा कि मेले में जुआ पूरी तरह बंद रहेगा और मादक पदार्थों की बिक्री पर सख्त निगरानी होगी। किसी भी तरह की अवैध वसूली करते पकड़े जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आयोजकों, समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों से व्यवस्था में सहयोग की अपील की। बैठक में सीओ ऑपरेशन मड़िहान मोहम्मद फहीम, अहरौरा थानाध्यक्ष अजय कुमार मिश्र और जिला पंचायत सदस्य पंकज उपाध्याय भी मौजूद रहे।
इससे पहले हुई बैठक में पूरे मेला क्षेत्र में बैरिकेडिंग, महिला श्रद्धालुओं के लिए महिला पुलिस और प्राथमिक चिकित्सा शिविर लगाने के निर्देश दिए जा चुके हैं।
धाम अहरौरा नगर से करीब 15 किलोमीटर दूर जंगल वाले इलाके में है। हर साल भारी भीड़ के बीच बुनियादी सुविधाओं की कमी चुनौती बनती है। ठंड के मौसम में बहुत से श्रद्धालु, जिनमें महिलाएं और छोटे बच्चे भी होते हैं, खुले आसमान के नीचे रात गुजारते हैं। इसलिए पेयजल, रोशनी, सफाई, सुरक्षा और रात में ठहरने का इंतज़ाम प्रशासन के लिए बड़ी जिम्मेदारी है।
मुख्य पूजा कार्तिक दशमी की रात से एकादशी की भोर तीन से चार बजे तक होती है, और सबसे ज़्यादा भीड़ इसी समय रहती है।
1. रात रुकना है तो कंबल, गर्म कपड़े और पानी की बोतल साथ रखें। 2. मोबाइल पूरा चार्ज करें, टॉर्च ले जाएं। 3. बच्चों की जेब में घर का मोबाइल नंबर लिखी पर्ची रखें, भीड़ में हाथ न छोड़ें। 4. जरगो के किनारे स्नान करते समय गहरे पानी में न जाएं। 5. कोई अवैध वसूली करे या जुआ चलता दिखे तो वहां तैनात पुलिस को बताएं। किसी भी आपात स्थिति में 112 पर कॉल करें।
मेले की तारीख, पूजा का समय और पूरी जानकारी हमारे बेचूबीर मेला 2026 पेज पर है, जहां मेले के तीनों दिन ताज़ा अपडेट जोड़े जाएंगे।
बेचूबीर धाम: मुख्य पूजा कार्तिक दशमी की रात से एकादशी की भोर तक, 19 नवंबर को राज्यमंत्री होंगे शामिल
बेचूबीर बाबा की कहानी: मान्यता है 3 दिन-3 रात बाघ से लड़े थे बेचू यादव, आज वहां जुटते हैं 5 लाख लोग
थंबनेल फोटो साभार (सांकेतिक तस्वीर): TUMBURU / Wikimedia Commons (CC BY-SA 4.0)। संपादित।
नोटिफिकेशन चालू करें। दिन में कुछ ही ज़रूरी खबरें, रात में कोई नोटिफिकेशन नहीं। कभी भी बंद कर सकते हैं।