1
1

मीरजापुर। संतनगर थाना क्षेत्र के रैकल गांव में बस्ती के बीचों-बीच बने तालाब में करीब एक हफ्ते से एक मगरमच्छ डेरा डाले हुए है। शनिवार को इसने तालाब के पास पहुंचे एक मजदूर को दौड़ा लिया। मजदूर किसी तरह भागकर बचा। ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग को खबर देने के तीन दिन बाद भी कोई टीम गांव नहीं आई।
गांव के योगेश तिवारी के खेत में उस दिन धान की कटाई चल रही थी। कटाई में लगा एक मजदूर शौच के लिए तालाब की ओर गया। तभी मगरमच्छ पानी से बाहर निकला और तेजी से उसकी तरफ बढ़ा। मजदूर ने शोर मचाया और वहां से भागा। ग्रामीणों के मुताबिक मगरमच्छ ने काफी दूर तक उसका पीछा किया।
घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने वन विभाग के क्षेत्राधिकारी को जानकारी दी थी। तीन दिन बीतने पर भी मगरमच्छ पकड़ने के लिए कोई नहीं पहुंचा, जिससे गांव में नाराजगी है। योगेश तिवारी, ओमप्रकाश उपाध्याय, कल्लू कोल और मटूकधारी कोल ने बताया कि लोग अब तालाब की तरफ जाने और खेतों में काम करने से कतरा रहे हैं। उन्हें डर है कि जल्द कार्रवाई न हुई तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
संतनगर इलाके में हाल के दिनों में मगरमच्छ दिखने का यह दूसरा मामला है। 13 नवंबर को हमने खबर दी थी कि ददरी बांध की सड़क पर रात करीब 10 बजे एक बड़ा मगरमच्छ टहलता दिखा था। संतनगर के बहरछठ गांव के आकाश यादव ने उसे देखकर अपना वाहन रोक दिया था और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर फैला था।
रैकल और आसपास के गांवों के लोग तालाब और पानी वाले रास्तों के पास अकेले, खासकर अंधेरे में, न जाएं। बच्चों और मवेशियों को तालाब से दूर रखें। मगरमच्छ दिखे तो उसे छेड़ें नहीं, पत्थर न मारें और वीडियो बनाने के लिए पास न जाएं। दूरी बनाकर वन विभाग या पुलिस को सूचना दें।
मीरजापुर: ददरी बांध की सड़क पर रात में टहलता दिखा मगरमच्छ, राहगीरों ने रोके वाहन; वीडियो वायरल
हलिया: अदवा बांध से माइनर में बिना अनुमति छोड़ा पानी, आधा दर्जन गांवों में धान की फसल डूबी
थंबनेल फोटो साभार (सांकेतिक तस्वीर): Harvinder Chandigarh / Wikimedia Commons (CC BY-SA 4.0); Charles J. Sharp / Wikimedia Commons (CC BY-SA 4.0)। संपादित।
नोटिफिकेशन चालू करें। दिन में कुछ ही ज़रूरी खबरें, रात में कोई नोटिफिकेशन नहीं। कभी भी बंद कर सकते हैं।