Popular Posts

कला संकाय का दीक्षा कार्यक्रम एवं रक्तदान-स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम संपन्न

कला संकाय का दीक्षा कार्यक्रम एवं रक्तदान-स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम संपन्न
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी विश्राम सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, चुनार मीरजापुर में आज दिनांक 28 जुलाई 2026 को कला संकाय के नव प्रवेशित विद्यार्थियों हेतु दीक्षा कार्यक्रम एवं रक्तदान-स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. आशुतोष सिंह, चिकित्सा विज्ञान संकाय, काशी हिंदू विश्वविद्यालय वाराणसी एवं प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ०) माधवी शुक्ला ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
मुख्य वक्ता डॉ. आशुतोष सिंह, बी.एच.यू., वाराणसी ने अनुभवात्मक उदाहरण के माध्यम से रक्तदान के महत्व पर प्रभावशाली व्याख्यान दिया। उन्होंने थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों, सड़क दुर्घटनाओं, गंभीर शल्य चिकित्सा एवं अन्य आपातकालीन परिस्थितियों के वास्तविक उदाहरण प्रस्तुत करते हुए बताया कि समय पर उपलब्ध रक्त किसी व्यक्ति के लिए जीवनदान सिद्ध हो सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वैच्छिक एवं नियमित रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान किया।
कला संकाय प्रवेश प्रभारी डॉ. अरविंद कुमार ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए महाविद्यालय के कला संकाय के सभी विषयों, विभागों, प्राध्यापकों, परीक्षा प्रणाली, क्रेडिट आधारित अध्ययन व्यवस्था तथा विभिन्न पाठ्यसहगामी एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दीपक कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय सेवा योजना की गतिविधियों, माई भारत पोर्टल, उन्नत भारत अभियान, प्राक्टोरियल बोर्ड तथा विद्यार्थियों के लिए निर्धारित दो क्रेडिट प्रणाली के महत्व एवं उससे प्राप्त होने वाले शैक्षणिक एवं व्यक्तित्व विकास संबंधी लाभों की विस्तार से जानकारी दी।
प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ०) माधवी शुक्ला ने अपने उद्बोधन में नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि महाविद्यालय केवल शैक्षणिक ज्ञान का केंद्र नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के विकास का भी महत्वपूर्ण स्थल है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन, समय प्रबंधन तथा सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने रक्तदान जैसे मानवीय कार्यों को जीवन का महत्वपूर्ण संकल्प बताते हुए विद्यार्थियों से समाज के प्रति संवेदनशील एवं जागरूक नागरिक बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन समारोहक डॉ. दीप नारायण ने एवं दीक्षा कार्यक्रम की समन्वयक प्रोफेसर कुसुम लता ने सभी अतिथियों, प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारीगण, स्वयंसेवक, कला संकाय के बड़ी संख्या में नवप्रवेशित छात्र छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम से प्रेरित होकर लगभग 50 छात्र-छात्राओं ने रक्तदान के लिए पंजीकरण करवाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *