शिवशंकरी धाम कैलहट दुर्गा मंदिर चुनार में धर्मगुरुओं के साथ बाल विवाह रोकथाम पर जागरूकता बैठक आयोजित


शिवशंकरी धाम कैलहट दुर्गा मंदिर चुनार में धर्मगुरुओं के साथ बाल विवाह रोकथाम पर जागरूकता बैठक आयोजित
स्थान: श्री माँ शिवशंकरी देवी धाम, कैलहट, दुर्गा मंदिर चुनार, मिर्जापुर
बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत आज श्री माँ शिवशंकरी धाम, कैलहट दुर्गा मंदिर चुनार में धर्मगुरुओं, पुजारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण जागरूकता बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में धर्मगुरुओं को बताया गया कि “बाल विवाह कानूनी अपराध है और इस मंदिर परिसर में बाल विवाह नहीं होता है।” मंदिर के पुजारी जी ने संकल्प लिया कि वह विवाह से पहले वर-वधू की उम्र का प्रमाण पत्र अवश्य देखेंगे और यदि कम उम्र का मामला होगा तो तुरंत चाइल्ड लाइन 1098 या पुलिस को सूचना देंगे।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने बैनर के साथ “सावधान! बाल विवाह कानूनी अपराध है, इस मंदिर में बाल विवाह नहीं होता है!” का संदेश दिया।
बैठक में बताया गया कि बाल विवाह निषेध अधिनियम 2006 के तहत बाल विवाह कराने वाले, सहयोग करने वाले और शामिल होने वाले सभी लोगों पर 2 साल तक की सजा और 1 लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है।
धर्मगुरुओं ने कहा कि धर्म कभी भी बाल विवाह का समर्थन नहीं करता। सही उम्र पर विवाह से ही बेटियों का स्वास्थ्य और भविष्य सुरक्षित रहता है। सभी ने मिलकर अपने ग्राम पंचायत को बाल विवाह मुक्त बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर मंदिर के पुजारी, स्थानीय धर्मगुरु और अभियान के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बाल विवाह मुक्त भारत अभियान