1
1


स्वतंत्रता संग्राम सेनानी विश्राम सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, चुनार, मिर्जापुर में सड़क सुरक्षा पखवाड़ा (16 से 30 नवंबर 2026) के अंतर्गत आज दिनांक 18 नवंबर 2026 को सड़क सुरक्षा विषय पर व्याख्यान एवं शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रभारी प्राचार्य डॉ. चन्दन शाहू ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन एवं मालार्पण कर किया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता इतिहास विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. विनोद यादव ने सड़क सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक एवं सामाजिक दायित्व है। उन्होंने हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा सड़क संकेतों के प्रति जागरूक रहने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को जागरूकता, सतर्कता और यातायात नियमों के पालन से काफी हद तक रोका जा सकता है।
इस अवसर पर महाविद्यालय के मुख्य शास्ता डॉ. अवधेश सिंह यादव ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल व्यक्तिगत सुरक्षा का विषय नहीं है, बल्कि यह समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने तथा अपने परिवार एवं समाज के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रभारी प्राचार्य डॉ. चन्दन शाहू ने सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता को समय की आवश्यकता बताते हुए विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनसमुदाय से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. दीपक कुमार सिंह ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा पखवाड़े का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं आम नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जिम्मेदार नागरिक व्यवहार को प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन करने, स्वयं सुरक्षित रहने तथा दूसरों को भी सुरक्षित रखने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम का समापन सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता एवं सामूहिक संकल्प के संदेश के साथ हुआ।
इसी क्रम में हिंदी विभाग परिषद द्वारा आयोजित स्नातक वर्ग हेतु निबंध लेखन प्रतियोगिता में खुशबू (बी.ए. तृतीय सेमेस्टर) ने प्रथम, कविता वनवासी (बी.ए. तृतीय सेमेस्टर) एवं राधिका कुमारी (बी.ए. प्रथम सेमेस्टर) ने द्वितीय स्थान, ज्योति सिंह एवं खुशी यादव (बी.ए. प्रथम सेमेस्टर) ने तृतीय स्थान और कृति यादव (बी.ए. प्रथम सेमेस्टर) तथा काजल (बी.ए. तृतीय सेमेस्टर) को सांत्वना पुरस्कार के लिए चयनित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन हिंदी विभाग प्रभारी प्रो. कुसुम लता के संयोजन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, कर्मचारी गण एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक सहित 125 छात्र छात्राएँ उपस्थित रहे।
नोटिफिकेशन चालू करें। दिन में कुछ ही ज़रूरी खबरें, रात में कोई नोटिफिकेशन नहीं। कभी भी बंद कर सकते हैं।