1
1
1
2
3

दीपावली और भैया दूज के बाद नौकरी और कामकाज पर लौटने वालों के लिए लखनऊ से सफर जेब पर भारी पड़ रहा है। दिल्ली, मुंबई, पुणे और बंगलूरू जाने वाली ट्रेनों में सीट के लिए मारामारी है। ट्रेन में जगह न मिलने पर लोग हवाई जहाज का रुख कर रहे हैं, लेकिन वहां हवाई किराया कई गुना बढ़ चुका है।
लखनऊ से मुंबई का सामान्य औसत हवाई किराया करीब पांच हजार रुपये रहता है। इस रविवार इंडिगो की सीधी उड़ान का टिकट 25,071 रुपये और एयर इंडिया एक्सप्रेस का 24,599 रुपये तक पहुंच गया। शनिवार को अकासा एयर का टिकट 10,473 रुपये में मिल रहा है।
पुणे के लिए शुक्रवार को इंडिगो की सीधी उड़ान 23,399 रुपये की रही, जबकि रविवार को एयर इंडिया का किराया 27,459 रुपये पहुंच गया। बंगलूरू के लिए रविवार को इंडिगो का टिकट 24,850 रुपये का है।
शुक्रवार को लखनऊ से दिल्ली के लिए अकासा एयर का किराया 18,247 रुपये और इंडिगो का 11,545 रुपये रहा। हालांकि इंडिगो के कुछ टिकट 5,400 रुपये में भी दिखे। शनिवार को यही रूट सस्ता है, एयर इंडिया एक्सप्रेस का टिकट 5,338 और इंडिगो का 6,388 रुपये है।
लखनऊ से पटना जाने वालों को शुक्रवार को एयर इंडिया की कनेक्टिंग उड़ान के लिए 25,372 रुपये चुकाने पड़ रहे हैं। रविवार को इंडिगो का किराया 16,741 रुपये है।
किराये के ये आंकड़े दिखाते हैं कि एक दिन आगे-पीछे करने से हजारों रुपये बच सकते हैं, जैसे दिल्ली का टिकट शुक्रवार के मुकाबले शनिवार को काफी सस्ता है। टिकट लेने से पहले अलग-अलग दिनों और एयरलाइनों का किराया जरूर मिलाएं। रविवार को लगभग हर रूट पर सबसे ज्यादा किराया है, इसलिए छुट्टी के आखिरी दिन लौटने की योजना हो तो पहले से बुकिंग कर लें।
मीरजापुर में पटरी पर काम: 30 ट्रेनें डायवर्ट, 48 घंटे लेट स्पेशल ट्रेन पर काशी में हंगामा
चौरीचौरा एक्सप्रेस हादसा: चार सदस्यीय कमेटी करेगी जांच, एसी यात्रियों को लौटेगा किराया
थंबनेल फोटो साभार (सांकेतिक तस्वीर): ahmedfaizy / Wikimedia Commons (CC BY-SA 2.0); Premkudva / Wikimedia Commons (CC BY-SA 4.0)। संपादित।