1
1
1
2
3

उद्योग मंडल एसोचैम की नई रिपोर्ट के अनुसार 2026 से 2030 के बीच दुनिया की 10 सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में भारत की स्थिति सबसे मजबूत रह सकती है। 'भारत की शीर्ष-10 अर्थव्यवस्थाओं में आर्थिक बढ़त' नाम की इस रिपोर्ट में भारत को 100 में से 71 अंक दिए गए हैं।
रिपोर्ट में चीन 66 अंक लेकर दूसरे स्थान पर है। जापान और रूस 60-60 अंकों के साथ संयुक्त रूप से तीसरे नंबर पर हैं। इनके बाद जर्मनी को 59, इटली और ब्राजील को 53-53, ब्रिटेन को 52 और फ्रांस को 40 अंक मिले हैं। अमेरिका 36 अंक के साथ इस सूची में सबसे पीछे है।
यह आकलन 10 आर्थिक संकेतकों पर आधारित है। इनमें वास्तविक जीडीपी वृद्धि, निर्यात में बढ़त, राजकोषीय और चालू खाते का संतुलन, सरकारी कर्ज, प्रति व्यक्ति वास्तविक जीडीपी वृद्धि, सकल घरेलू बचत और सकल पूंजी निर्माण शामिल हैं।
भारत जीडीपी वृद्धि और प्रति व्यक्ति जीडीपी वृद्धि, दोनों में पहले स्थान पर रहा। बचत और पूंजी निर्माण में उसे दूसरा, निर्यात वृद्धि और कर्ज-जीडीपी अनुपात में तीसरा तथा प्राथमिक राजकोषीय संतुलन में पांचवां स्थान मिला।
इसी बीच ऊर्जा एवं स्वच्छ वायु अनुसंधान केंद्र (CREA) के आंकड़ों के मुताबिक भारत ने अक्तूबर में रूस से 6.4 अरब यूरो (करीब 66,780 करोड़ रुपये) का ईंधन खरीदा। जनवरी 2022 से उपलब्ध आंकड़ों में यह सबसे ऊंचा मासिक स्तर है। इसमें 91 फीसदी हिस्सा कच्चे तेल का रहा। भारत रूस का दूसरा सबसे बड़ा ईंधन खरीदार रहा, जबकि पहले नंबर पर चीन है। अक्तूबर में रूसी क्रूड का आयात पिछले महीने से 10 फीसदी बढ़ा।
मजबूत विकास दर का मतलब आगे निवेश और रोजगार के ज्यादा मौके हो सकते हैं। हालांकि यह पांच साल का अनुमान है, इसलिए असली असर इस बात पर निर्भर करेगा कि महंगाई और कर्ज पर कितना काबू रहता है।
प्रत्यक्ष कर संग्रह 11.76% बढ़कर 14.42 लाख करोड़ पहुंचा, सात महीने में ही बजट लक्ष्य का 53% हासिल
बेरोजगारी दर घटकर 5.1% पर आई, गांवों में 4.3%; श्रमबल में महिलाओं की भागीदारी 34.7% हुई
थंबनेल फोटो साभार (सांकेतिक तस्वीर): iMahesh / Wikimedia Commons (CC BY-SA 4.0); RBI/AstitvaGupta / Wikimedia Commons (CC BY-SA 4.0)। संपादित।