1
1

रबी सीजन में गेहूं की बुवाई के समय किसान अक्सर जरूरत से ज्यादा डीएपी और यूरिया डाल देते हैं। इससे लागत बढ़ती है और मिट्टी की सेहत पर भी असर पड़ता है। कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. राजेंद्र सिंह चौहान के मुताबिक बीज उपचार के सही तरीके से डीएपी की खपत 40 प्रतिशत तक कम की जा सकती है।
नैनो डीएपी की मात्रा 5 मिलीलीटर प्रति किलो बीज रखें। यानी 40 किलो गेहूं के बीज के लिए:
200 मिलीलीटर नैनो डीएपी + 200 मिलीलीटर तरल NPK कंसोर्टिया (जैव उर्वरक) + 200 मिलीलीटर पानी
तीनों को मिलाकर घोल बनाएं और बीज पर बराबर छिड़काव करें, ताकि हर दाने पर परत चढ़ जाए। उपचारित बीज को छाया में सुखाने के बाद ही बुवाई करें।
वैज्ञानिकों के अनुसार इससे अंकुरण और जड़ों का विकास बेहतर होता है और शुरुआती अवस्था में पौधों को पोषक तत्व मिल जाते हैं।
बुवाई के 35 से 40 दिन बाद नैनो डीएपी का पत्तियों पर छिड़काव (फोलियर स्प्रे) करने से फसल की बढ़वार में मदद मिलती है। वैज्ञानिकों ने सलाह दी है कि खाद की मात्रा मिट्टी जांच और राज्य कृषि विभाग की सिफारिश के हिसाब से ही तय करें। यह जानकारी रबी सीजन के 'खेत बचाओ अभियान' के तहत दी गई है। पिछले साल गेहूं की किस्म DBW-327 ने 56.45 क्विंटल प्रति हेक्टेयर की उपज दी थी।
थंबनेल फोटो साभार (सांकेतिक तस्वीर): Yann Forget / Wikimedia Commons (CC BY-SA 3.0)। संपादित।