1
1

लखनऊ। जनगणना 2027 के दूसरे चरण में उत्तर प्रदेश के लोग 16 से 30 नवंबर तक ऑनलाइन खुद अपने परिवार का ब्योरा भर सकेंगे। इसे स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) कहा गया है। इसके लिए पोर्टल www.se.census.gov.in पर जाना होगा।
1. पोर्टल पर अपना मोबाइल नंबर डालें और उस पर आए OTP से लॉगिन करें। अपनी पसंद की भाषा चुन सकते हैं।
2. परिवार के मुखिया का नाम और मांगी गई जानकारी भरें। पहले चरण (मकान सूचीकरण) में दिए गए मोबाइल नंबर से रिकॉर्ड का मिलान होगा।
3. पोर्टल पूछेगा कि क्या परिवार अब भी उसी मकान में रहता है। मकान नंबर और पता भरें। अगर घर बदल गया है तो डिजिटल मैप पर नई जगह चिह्नित करें।
4. परिवार के सदस्यों की संख्या और उनकी जानकारी भरें।
5. सबमिट करने से पहले सारी जानकारी जांच लें और गलती सुधार लें। सबमिट के बाद फॉर्म नहीं बदला जा सकेगा।
6. सबमिट करने पर एक खास SE ID (स्व-गणना पहचान संख्या) मिलेगी। इसे संभालकर रखें।
परिवार का कोई एक सदस्य लॉगिन करके पूरी प्रक्रिया पूरी कर सकता है और बाकी सदस्यों को उसी में जोड़ सकता है।
1 दिसंबर से 4 जनवरी तक प्रगणक घर-घर जाकर ऑनलाइन भरी जानकारी का सत्यापन करेंगे। उस समय SE ID दिखानी होगी। जिन परिवारों ने ऑनलाइन ब्योरा नहीं भरा, उनकी जानकारी प्रगणक मोबाइल ऐप से मौके पर दर्ज करेंगे। कोई गलती रह गई हो तो सत्यापन के दौरान प्रगणक से सुधरवाई जा सकती है।
थंबनेल फोटो साभार (सांकेतिक तस्वीर): Haoreima / Wikimedia Commons (CC0)। संपादित।