1
1

अंबेडकरनगर। सुभासपा अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने बुधवार को सर्किट हाउस में सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही अखिलेश को सनातन धर्म और हिंदुत्व याद आने लगा है।
राजभर ने कहा कि अखिलेश पांच साल मुख्यमंत्री रहे, लेकिन अयोध्या के विकास के लिए उन्होंने क्या किया, यह बताना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि अखिलेश काशी, अयोध्या और मथुरा गए, लेकिन दर्शन नहीं किए। राजभर ने कहा कि सिर्फ मुस्लिम-यादव वोट के भरोसे राजनीति नहीं हो सकती और अब अखिलेश को यह समझ आ रहा है।
राजभर ने अखिलेश को 6 दिसंबर को अयोध्या जाकर राम भक्तों से माफी मांगने की सलाह दी। साथ ही काशी और मथुरा जाने की तारीख बताने की चुनौती भी दी। उन्होंने सपा के पीडीए फॉर्मूले और ब्राह्मण सम्मेलन पर भी सवाल उठाए।
बसपा प्रमुख मायावती, चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी के संभावित गठबंधन के सवाल पर राजभर ने कहा कि इसका फायदा एनडीए को होगा।
राजभर के आरोपों पर खबर लिखे जाने तक समाजवादी पार्टी की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई थी। गौरतलब है कि अखिलेश यादव 12 दिसंबर को रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या जाने की बात कह चुके हैं।
थंबनेल फोटो साभार (सांकेतिक तस्वीर): Mohammad Azahar / Wikimedia Commons (CC BY-SA 4.0); Sachin96700 / Wikimedia Commons (CC0)। संपादित।