गाजियाबाद: वसुंधरा पुलिस चौकी में धमाका, डिलीवरी कर्मी घायल; ATS ने संभाली जांच

गाजियाबाद। गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके में स्थित वसुंधरा पुलिस चौकी में शुक्रवार रात हुए धमाके से हड़कंप मच गया। धमाके से चौकी की खिड़कियों के शीशे टूट गए। उस वक्त कुछ सामान देने पहुंचा एक डिलीवरी कर्मी कांच के टुकड़ों से घायल हो गया। चौकी में एक सब-इंस्पेक्टर भी मौजूद थे।
धमाके की वजह अभी साफ नहीं
इंदिरापुरम के एसीपी सूर्यबली मौर्य ने कहा कि धमाके की असली वजह जांच के बाद ही पता चलेगी। उनके मुताबिक, किस चीज से धमाका हुआ, यह जांच पूरी होने पर ही तय होगा। मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
ATS, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम जांच में
धमाके के बाद उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वायड (ATS) भी जांच में जुड़ गया है। एडिशनल सीपी राज करन नैयर, एसीपी मौर्य और फॉरेंसिक टीम ने मौके का मुआयना किया। डॉग स्क्वायड की मदद से भी सबूत जुटाए गए।
सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी का दावा
सोशल मीडिया पर एक बयान फैलाकर 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' नाम के संगठन ने धमाके की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। जांच एजेंसियों को शक है कि यह नया संगठन हो सकता है, क्योंकि इसकी पहले कोई गतिविधि सामने नहीं आई है। एजेंसियां यह भी जांच रही हैं कि क्या इसका 2019 में प्रतिबंधित तहरीक-उल-मुजाहिदीन से कोई संबंध है, या यह जांच को भटकाने की कोशिश है। इस दावे की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और कोई भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखे तो तुरंत 112 पर सूचना दें।
थंबनेल फोटो साभार (सांकेतिक तस्वीर): Jyotirdhan / Wikimedia Commons (CC0)। संपादित।


