
नई दिल्ली। दीपावली के मौसम में पटाखों और दीयों से जलने की घटनाएं हर साल बढ़ जाती हैं, और यह बात अब बीमा क्लेम के आंकड़ों में भी दिख रही है। स्टार हेल्थ इंश्योरेंस के मुताबिक अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में जलने से जुड़े क्लेम वित्त वर्ष 2026 की बाकी तीन तिमाहियों के औसत से 28 प्रतिशत ज्यादा रहे।
पिछले साल से भी ज्यादा
वित्त वर्ष 2025 में यही अंतर 19 प्रतिशत था। यानी इस बार त्योहारी तिमाही में जलने के मामलों से जुड़े क्लेम में और बढ़ोतरी देखी गई है। कंपनी ने इन आंकड़ों के साथ सुरक्षा और प्राथमिक उपचार से जुड़े सुझाव भी साझा किए।
आंखों की चोट में आसपास खड़े लोग भी शिकार
पटाखों से आंखों की चोट के मामलों में अक्सर वे लोग भी घायल होते हैं जो खुद पटाखे नहीं जला रहे होते, बल्कि पास खड़े होते हैं। इसलिए बच्चों को पटाखों से दूर रखना और सुरक्षित दूरी बनाए रखना जरूरी है।
जलने पर तुरंत क्या करें
जले हुए हिस्से को 10 से 20 मिनट तक साफ, सामान्य तापमान के बहते पानी के नीचे रखें। बर्फ, टूथपेस्ट, घी या तेल न लगाएं। जले हिस्से के पास की अंगूठी, घड़ी या कसे कपड़े हटा दें, लेकिन त्वचा से चिपके कपड़े न खींचें। छाले न फोड़ें और साफ कपड़े से ढक दें। आंख में चोट लगे तो आंख न मलें और तुरंत अस्पताल जाएं।
बीमा क्लेम के लिए ध्यान रखें
अस्पताल में भर्ती होने पर बीमा कंपनी या TPA को तय समय में सूचना दें, सभी बिल और डिस्चार्ज समरी संभालकर रखें। कैशलेस इलाज के लिए नेटवर्क अस्पताल चुनें।
थंबनेल फोटो साभार (सांकेतिक तस्वीर): McKay Savage from Chennai, India / Wikimedia Commons (CC BY 2.0)। संपादित।


