1
1

मीरजापुर के विंध्याचल थाना क्षेत्र के सेमरी गांव में 12 साल के प्रिंस बिंद के अपहरण और हत्या के मामले में पुलिस महकमे पर भी कार्रवाई हुई है। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने गैपुरा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विजयशंकर राय और हल्का प्रभारी उपनिरीक्षक राघवेंद्र को निलंबित कर दिया है।
एसपी के मुताबिक बच्चे के अपहरण की खबर सबसे पहले गैपुरा चौकी पर दी गई थी और मामला हल्का नंबर तीन के प्रभारी के क्षेत्र का था। जांच में सामने आया कि सूचना मिलने के बाद भी लापरवाही हुई और दोनों ने उच्चाधिकारियों को इसकी जानकारी तक नहीं दी। दोनों के खिलाफ विभागीय जांच बैठा दी गई है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।
मुठभेड़ में पकड़े गए आरोपी पिंटू उर्फ शैलेंद्र पर मीरजापुर, रायबरेली और प्रयागराज के अलग-अलग थानों में कुल 17 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार उस पर पहला मामला 2004 में दर्ज हुआ था। 2008 में उस पर आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस और गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई हुई। 2014 में विंध्याचल थाने में और 2020 में प्रयागराज के हंडिया थाने में भी उस पर हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी सोमवार शाम प्रिंस को बाइक सिखाने के बहाने ले गया और करीब दो घंटे घुमाने के बाद शाम साढ़े छह बजे लालगंज के कुशियरा जंगल में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने परिवार के एक रिश्तेदार को फोन कर 50 लाख रुपये फिरौती मांगी। हत्या के बाद फिरौती क्यों मांगी गई, पुलिस इसकी जांच कर रही है। प्रिंस छठी कक्षा का छात्र और परिवार का इकलौता बेटा था। दो डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम किया, फिर पुलिस की मौजूदगी में शव गांव पहुंचाया गया।
बच्चा अचानक लापता हो तो देर न करें। तुरंत 112 पर सूचना दें और थाने में लिखित तहरीर देकर उसकी प्राप्ति जरूर लें। चौकी या थाने पर सुनवाई न हो तो सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय से संपर्क करें।
थंबनेल फोटो साभार (सांकेतिक तस्वीर): Subhashish Panigrahi / Wikimedia Commons (CC BY-SA 4.0)। संपादित।