1
1

मीरजापुर। विंध्याचल थाना क्षेत्र के सेमरी गांव से अगवा किए गए 12 साल के प्रिंस बिंद की हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी को लालगंज थाना क्षेत्र के कुशियरा फॉल के पास जंगल में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। मुठभेड़ में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है। घटना से नाराज लोगों ने सड़क जाम कर पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया।
प्रिंस के पिता केशव प्रसाद बिंद मीरजापुर-प्रयागराज मार्ग पर बिहसड़ा इंटर कॉलेज के पास चाय-पान की दुकान चलाते हैं। प्रिंस उनका इकलौता बेटा था। परिजनों के मुताबिक पिंटू नाम का युवक चार-पांच दिन से दुकान पर आकर बैठता था और परिवार से बातचीत करता था।
सोमवार शाम करीब चार बजे वह प्रिंस को बाइक चलाना सिखाने की बात कहकर अपनी बाइक पर बैठाकर बिहसड़ा बाजार की ओर ले गया। देर शाम तक बच्चा नहीं लौटा और आरोपी का फोन बंद मिला। रात में परिजनों ने डायल 112 और विंध्याचल थाने को सूचना दी।
अगली सुबह आरोपी ने परिवार के एक रिश्तेदार को फोन कर 50 लाख रुपये मांगे। प्रिंस के दादा रामदास के मुताबिक परिवार ने दो महीने पहले जमीन बेची थी और उन्हें आशंका है कि आरोपी को इसकी जानकारी थी।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि अपहरण के बाद वह करीब दो घंटे तक बच्चे को इधर-उधर घुमाता रहा और फिर जंगल में ले जाकर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। उसकी निशानदेही पर जंगल से शव बरामद किया गया। शव का पोस्टमार्टम वीडियोग्राफी के साथ कराया जा रहा है। पुलिस ने इस मामले में कमापुर निवासी एक अन्य युवक को भी गिरफ्तार किया है।
एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
थंबनेल फोटो साभार (सांकेतिक तस्वीर): Captainbrahmin / Wikimedia Commons (CC BY-SA 3.0)। संपादित।