Popular Posts

मिर्जापुर में हाथी दांत के साथ तीन तस्कर गिरफ्तारः संयुक्त अभियान में 1.49 किलो हाथी का दांत बरामद 

मिर्जापुर में हाथी दांत के साथ तीन तस्कर गिरफ्तारः संयुक्त अभियान में 1.49 किलो हाथी दांत बरामद 

मिर्जापुर में वन्यजीव तस्करी के खिलाफ चलाए गए एक संयुक्त अभियान में वन विभाग, वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो (WCCB) और एसटीएफ की टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने तीन वन्यजीव तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से हाथी के दांत सहित अन्य वन्यजीव अवयव बरामद किए गए हैं।
प्रभागीय वनाधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो गोरखपुर, विशेष कार्य बल (STF) और जिले के वन प्रभाग की संयुक्त टीम को गोपनीय सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर मंगलवार दोपहर लगभग 1 बजे लालगंज रेंज की टीम ने थाना जिगना क्षेत्र में स्थित बाबा कलेश्वर मंदिर के पास कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की तलाशी लेने पर उनके पास से दो हाथी दांत, एक हाथी का जबड़ा, एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और पहचान के लिए इस्तेमाल किया गया 10 रुपये का एक नोट बरामद हुआ। बरामद हाथी दांतों का कुल वजन लगभग 1.49 किलोग्राम और हाथी के जबड़े का वजन करीब 800 ग्राम बताया गया है।
वन विभाग के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने यह भी बताया कि वन्यजीव तस्करी में शामिल पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और इस मामले से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
वन विभाग ने इस कार्रवाई को वन्यजीव संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है। विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध वन्यजीव व्यापार के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *