सीखड़ में 500 ग्राम गांजा पकड़कर पुलिस ने थपथपाई अपनी पीठ! चुनार क्षेत्र में चर्चा

सीखड़ में 500 ग्राम गांजा पकड़कर पुलिस ने थपथपाई अपनी पीठ! चुनार क्षेत्र में चर्चा
चुनार,मिर्जापुर।जनपद में नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत चुनार थाना पुलिस ने शुक्रवार देर रात सीखड़ बाजार तिराहे से एक युवक को 500 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।पुलिस के मुताबिक गश्त के दौरान संदिग्ध युवक की तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से गांजा बरामद हुआ। पकड़े गए आरोपी की पहचान राजकुमार पुत्र तौलन शर्मा निवासी सीखड़ थाना चुनार के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया।
लेकिन इस कार्रवाई के बाद सीखड़ क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में वर्षों से खुलेआम नशे का कारोबार चल रहा है, जिसकी जानकारी पुलिस को भी रहती है। ऐसे में केवल 500 ग्राम गांजा पकड़कर बड़ी कार्रवाई का दावा करना लोगों के गले नहीं उतर रहा। सूत्रों की मानें तो क्षेत्र में लंबे समय से अवैध मादक पदार्थों का बड़ा नेटवर्क सक्रिय है। जनता के बीच सवाल उठ रहे हैं कि आखिर बड़े सप्लायर और कारोबारियों तक पुलिस के हाथ क्यों नहीं पहुंचते? कहीं ऐसा तो नहीं कि छोटे लोगों पर कार्रवाई दिखाकर बड़े खिलाड़ियों को बचाया जा रहा हो? क्षेत्र में यह चर्चा भी जोरों पर है कि पुलिस कभी-कभार छोटी बरामदगी दिखाकर अपनी सक्रियता साबित करने में जुट जाती है, जबकि असली कारोबारी बेखौफ कारोबार करते रहते हैं। कुछ लोगों ने तो यहां तक सवाल खड़े कर दिए कि आखिर इतने वर्षों से चल रहे धंधे पर अचानक हल्की कार्रवाई क्यों शुरू हुई? पुलिस की इस कार्रवाई के बाद जनता पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल जरूर उठाने लगी है। अब देखने वाली बात होगी कि पुलिस केवल छोटी बरामदगी तक सीमित रहती है या फिर नशे के बड़े नेटवर्क पर भी शिकंजा कसती है।