1
1



मुंबई में मिलीं चुनार से लापता चारों युवतियां, पुलिस टीम लेकर लौट रही वापस
चुनार थाना क्षेत्र के जलालपुर माफी गांव से लापता हुईं चारों युवतियों को पुलिस ने मुंबई से बरामद कर लिया है। पुलिस टीम चारों युवतियों को लेकर मिर्जापुर वापस लौट रही है। प्रारंभिक पूछताछ में युवतियों ने बताया कि वे मुंबई घूमने के लिए गई थीं।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को चारों युवतियां घर से कैलहट बाजार जाने की बात कहकर निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं। काफी देर तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने अपने स्तर से उनकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और परिचितों के यहां खोजबीन के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिली तो परिजनों ने चुनार थाने में तहरीर देकर गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए युवतियों की तलाश शुरू की। जांच और खोजबीन के दौरान चारों की लोकेशन मुंबई में मिली, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें बरामद कर लिया।
बताया जा रहा है कि चारों युवतियां पड़ोस में रहती हैं और हाईस्कूल व इंटर की छात्राएं हैं। इनमें दो सगी बहनें भी शामिल हैं। चारों के सकुशल मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली है। मिर्जापुर पहुंचने के बाद पुलिस आगे की आवश्यक कार्रवाई करेगी।