

नाम बदला, दिशा बदली… अब बढ़ी मुसीबत!
सीखड़,चुनार में गलत बोर्ड से आश्रम बना ‘पता केंद्र’, SDM से लगाई गुहार
चुनार,मिर्जापुर। “ऊंट के मुंह में जीरा नहीं, यहां तो ऊंट ही घर में घुस आया!” कुछ ऐसा ही हाल नारायण नगर पचराव के नारायण गृहस्थ आश्रम का हो गया है, जहां एक गलत बोर्ड ने शांत जीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है।
आश्रम के प्रबंधक बीरेंद्र कुमार सिंह उर्फ बिचित्रानन्द ने उपजिलाधिकारी चुनार को प्रार्थना पत्र देकर बड़ा आरोप लगाया है कि उनके क्षेत्र “नारायण नगर” का नाम बदलकर “पटेल नगर” लिखते हुए एक बोर्ड सड़क पर लगा दिया गया है, जिसका तीर सीधे उनके आश्रम की ओर इशारा करता है।
गलत बोर्ड, सही परेशानी
प्रार्थी का कहना है कि छीतकपुर निवासी एक व्यक्ति द्वारा राजनीतिक मंशा से यह बोर्ड लगवाया गया है। नतीजा यह हुआ कि अब दिन-रात लोग चारपहिया और दोपहिया वाहनों से “पटेल नगर”और छितकपुर निवासी को खोजते-खोजते सीधे आश्रम पहुंच जा रहे हैं।
“जंगल में मंगल नहीं, मुसीबत का अड्डा बन गया आश्रम”
जहां पहले सन्नाटा और शांति थी, अब वहां हर समय लोगों की आवाजाही बनी रहती है। प्रार्थी के अनुसार, वह जंगल क्षेत्र में अकेले रहते हैं और इस तरह अनजान लोगों का लगातार आना उनकी सुरक्षा और मानसिक शांति दोनों के लिए खतरा बन गया है।
प्रशासन से लगाई गुहार
प्रार्थी ने SDM से मांग की है कि गलत तरीके से लगाए गए बोर्ड को तत्काल हटवाया जाए और क्षेत्र की वास्तविक पहचान को बहाल किया जाए।
“जैसी करनी वैसी भरनी”
अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले में कितनी जल्दी कार्रवाई करता है या फिर एक गलत बोर्ड यूं ही लोगों की परेशानी का कारण बना रहेगा।फिलहाल, एक बोर्ड ने पूरे इलाके की शांति छीन ली है… और जवाब का इंतजार जारी है!