1
1

मीरजापुर में बुधवार शाम शराब ठेके पर हुई कहासुनी एक मजदूर की जान ले गई। जिगना थाना क्षेत्र के दुगहा गांव में स्थित ठेके पर विवाद के दौरान एक युवक ने गमछे में ईंट बांधकर विंध्याचल थाना क्षेत्र के सेमरी गांव निवासी 45 वर्षीय गेंदालाल के सिर पर वार कर दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक गेंदालाल मजदूरी करते थे। बुधवार शाम करीब सात बजे वे दुगहा गांव के शराब ठेके पर थे। यह ठेका विंध्याचल और जिगना थानों की सीमा पर पड़ता है। यहां उनका दुगहा गांव के ही एक युवक से विवाद हो गया।
आरोप है कि इसी दौरान युवक ने गमछे में ईंट बांधकर उनके सिर पर वार किया। गेंदालाल लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। परिजन उन्हें आनन-फानन में नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए।
मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। परिजन शव लेकर घर पहुंचे और सड़क जाम करने का प्रयास किया। परिजनों का आरोप है कि गेंदालाल की हत्या धारदार हथियार से की गई। मृतक के बेटे राजकुमार ने बताया कि उनके चाचा भी लापता हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी पहले भी गांव में कुछ लोगों पर हमला कर चुका है। ग्रामीणों के अनुसार वह कुछ समय पहले चित्रकूट चला गया था और करीब एक महीने पहले ही गांव लौटा था।
सूचना पर सीओ सिटी अमित कुमार और एसपी सिटी योगेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और परिजनों से तहरीर ली। पुलिस के मुताबिक आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और विंध्याचल थाने में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि शराब ठेके पर विवाद के बाद युवक ने गमछे में ईंट बांधकर गेंदालाल के सिर पर वार किया, जिससे उनकी मौत हुई। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
थंबनेल फोटो साभार (सांकेतिक तस्वीर): Shemaroo at English Wikipedia (Sivendersingh, email:-Sivende / Wikimedia Commons (CC BY-SA 3.0)। संपादित।