1
1

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 और 14 नवंबर को कर्नाटक और गुजरात के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे और मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे।
बेंगलुरु में प्रधानमंत्री करीब 15,600 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और लोकार्पण करेंगे। इनमें शहरी परिवहन, बिजली ट्रांसमिशन, अक्षय ऊर्जा, पेट्रोलियम, कचरा प्रबंधन और रेलवे की परियोजनाएं शामिल हैं।
बेंगलुरु मेट्रो पिंक लाइन का कालेना अग्रहारा से तावरेकेरे तक विस्तार (करीब 3,470 करोड़), कोप्पल-II और गदग-II अक्षय ऊर्जा जोन की ट्रांसमिशन योजना (करीब 4,450 करोड़) और बीदर सौर ऊर्जा जोन की ट्रांसमिशन योजना (करीब 1,370 करोड़) प्रमुख हैं। मंगलुरु में देश की सबसे बड़ी भूमिगत LPG भंडारण गुफा (850 करोड़ से ज्यादा) भी राष्ट्र को समर्पित होगी।
प्रधानमंत्री बेंगलुरु-मंगलुरु-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। चामराजनगर, चिकमगलूर, सकलेशपुर और सुब्रह्मण्य रोड के पुनर्विकसित स्टेशनों का उद्घाटन भी होगा। मैसूरु में भारत वन में पौधारोपण और कॉसमॉस-मैसूरु तारामंडल का उद्घाटन भी कार्यक्रम में है।
14 नवंबर को प्रधानमंत्री गुजरात के बनासकांठा स्थित अंबाजी मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे, जो 51 शक्तिपीठों में से एक है। वह योग संस्थान S-VYASA के मुख्यालय प्रशांति कुटीरम के स्वर्ण जयंती समारोह में भी शामिल होंगे।
थंबनेल फोटो साभार (सांकेतिक तस्वीर): Ekta Parishad / Wikimedia Commons (CC BY-SA 3.0); Narendra Modi / Wikimedia Commons (CC BY 2.0)। संपादित।