1
1

आगरा। ताजनगरी में हवा लगातार जहरीली होती जा रही है। अर्जुन नगर क्षेत्र में बारहखंभा रेलवे पुल के निर्माण स्थल के पास वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 425 दर्ज किया गया। स्मार्ट सिटी के 39 चौराहों पर लगे सेंसरों में से 27 पर हवा खराब या गंभीर श्रेणी में रही।
बारहखंभा 425, इंदिरापुरम-शहीद नगर रोड 412, राजेश्वर मंदिर 405, शहीद नगर 386, राजपुर चुंगी 370, बिजलीघर 344, छीपीटोला 340, घटिया 339, आईएसबीटी 335, नरीपुरा 329 और मीरा हुसैनी चौराहा 328। गोवर्धन पूजा की शाम प्रदूषण सबसे ज्यादा रहा।
सीएम ग्रिड योजना के तहत पानी की पाइपलाइन, सीवर और यूटिलिटी डक्ट डालने के लिए करीब 12 किलोमीटर सड़कें खोदी गई हैं। राजामंडी से मदिया कटरा और दिल्ली गेट, इंदिरापुरम से बसई, राजपुर चुंगी से शहीद नगर जैसे हिस्सों में दिनभर धूल उड़ती है। सड़क किनारे रहने वालों और दुकानदारों का कहना है कि सांस लेना मुश्किल हो गया है।
ताज ट्रेपेजियम जोन प्राधिकरण के सदस्य उमेश शर्मा ने कहा कि निर्माण में पर्यावरण मानकों का पालन नहीं हो रहा और वह यह मुद्दा अगली बोर्ड बैठक में उठाएंगे। नगर निगम के मुख्य अभियंता अरविंद श्रीवास्तव ने बताया कि सभी एजेंसियों को ग्रीन नेट लगाने और पानी का छिड़काव करने के निर्देश दिए गए थे। अब औचक निरीक्षण किया जाएगा।
सुबह-शाम की सैर टालें, बाहर निकलें तो मास्क पहनें और बुजुर्ग, बच्चे व सांस के मरीज खास सावधानी रखें।
थंबनेल फोटो साभार (सांकेतिक तस्वीर): wili hybrid Original uploader was Lokantha at en.wikipedia. / Wikimedia Commons (CC BY 2.0)। संपादित।