1
1

मीरजापुर। राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से सिटी ब्लॉक सभागार में विधिक जागरूकता शिविर लगाया गया। इसमें लोगों को उनके कानूनी अधिकारों, मुफ्त कानूनी सहायता और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
वक्ताओं ने मध्यस्थता, लोक अदालत, स्थायी लोक अदालत, लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम, मानवाधिकार, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, नशा मुक्ति, मानव तस्करी की रोकथाम और श्रमिकों के अधिकारों के बारे में बताया। वक्ताओं ने कहा कि न्याय तक पहुंच हर नागरिक का अधिकार है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ अधिवक्ता व मध्यस्थ सुरेश कुमार त्रिपाठी ने की। मुख्य अतिथि वरिष्ठ अधिवक्ता विनोद कुमार मिश्र रहे और संचालन अधिवक्ता मनीष सिंह ने किया। शिविर में मध्यस्थ, पैरा लीगल वॉलंटियर और अधिवक्ता मौजूद रहे।
जो लोग वकील का खर्च नहीं उठा सकते, वे जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से मुफ्त कानूनी सहायता के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए जिला न्यायालय परिसर स्थित प्राधिकरण कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है या राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) की हेल्पलाइन 15100 पर कॉल की जा सकती है। महिलाएं, बच्चे, अनुसूचित जाति-जनजाति के लोग, श्रमिक और दिव्यांगजन आदि इस सुविधा के पात्र होते हैं।
थंबनेल फोटो साभार (सांकेतिक तस्वीर): Vroomtrapit at English Wikipedia / Wikimedia Commons (CC0)। संपादित।