दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट में ‘पटियाला पेग’ समेत 4 गानों पर रोक, लैटिन ग्रैमी में भी करेंगे परफॉर्म

इंदौर। पंजाबी सुपरस्टार दिलजीत दोसांझ का इंदौर कॉन्सर्ट एक बार फिर सुर्खियों में है। 15 नवंबर को इंदौर के सी-21 मॉल परिसर में होने वाले उनके शो के लिए प्रशासन ने आयोजकों से चार गाने न गाने को कहा है।
किन गानों पर लगी रोक
महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने 6 नवंबर को नोटिस जारी कर आयोजकों से 'पटियाला पेग', '5 तारा', 'जीभ विचो अफीम' (केस) और 'जट्ट उठे फायर करदा' गाने सेटलिस्ट से बाहर रखने को कहा है। यह कदम चंडीगढ़ के एक व्यक्ति की शिकायत पर उठाया गया, जिसमें कहा गया था कि ये गाने शराब, नशे और हथियारों का महिमामंडन करते हैं।
रद्द होने की अफवाहें खारिज
कॉन्सर्ट रद्द होने की अफवाहों के बीच दिलजीत ने साफ किया है कि इंदौर का शो तय कार्यक्रम के मुताबिक होगा। गौरतलब है कि दिसंबर 2024 में भी उनके इंदौर कॉन्सर्ट को लेकर विरोध हुआ था।
लैटिन ग्रैमी में दिखेगा देसी स्वैग
इस बीच दिलजीत के फैंस के लिए एक बड़ी खुशखबरी भी है। लैटिन रिकॉर्डिंग एकेडमी ने 5 नवंबर को पुष्टि की कि दिलजीत 12 नवंबर को लास वेगास में होने वाले 27वें लैटिन ग्रैमी अवॉर्ड्स समारोह का हिस्सा होंगे। इस मंच पर डैडी यांकी, रोजालिया और कैरोल जी जैसे अंतरराष्ट्रीय सितारे भी नजर आएंगे।
पंजाबी संगीत को वैश्विक मंच तक पहुंचाने में दिलजीत की भूमिका लगातार बढ़ रही है। देखना होगा कि लास वेगास में उनकी परफॉर्मेंस कैसी रहती है।
थंबनेल फोटो साभार: https://www.bollywoodhungama.com / Wikimedia Commons (CC BY 3.0)। संपादित।


