बाढ़ क्षेत्र में डीएम पवन कुमार गंगवार का सख्त रुख, राहत में लापरवाही पर होगी कड़ीकार्रवाई
बाढ़ क्षेत्र में डीएम पवन कुमार गंगवार का सख्त रुख, राहत में लापरवाही पर होगी कड़ी
कार्रवाई
चुनार के टम्मलगंज व समसपुर में लिया जायजा, स्वास्थ्य शिविर में 32 मरीजों की जांच; जर्जर एचटी तार देख विद्युत विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश
4 सितंबर। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने शुक्रवार को चुनार क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों का स्थलीय निरीक्षण कर राहत एवं बचाव व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि बाढ़ पीड़ितों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और राहत कार्यों में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



जिलाधिकारी सबसे पहले नगर पालिका क्षेत्र के मोहल्ला जगदीशपुर उर्फ टम्मलगंज पहुंचे। यहां संचालित स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण करते हुए उन्होंने मरीजों की जांच, उपचार और दवाओं की उपलब्धता की जानकारी ली। चिकित्सक डॉ. धर्मेश यादव ने बताया कि शिविर में अब तक 32 लोगों की जांच कर उन्हें आवश्यक उपचार एवं दवाएं उपलब्ध कराई गई हैं। डीएम ने निर्देश दिया कि बाढ़ के दौरान फैलने वाली बीमारियों को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाए और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित रखी जाए।
इस दौरान सभासद पूजा पाल, सभासद प्रतिनिधि अशोक पाल, अशोक श्रीवास्तव, बुधराम चौहान समेत स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी को बाढ़ से होने वाली समस्याओं से अवगत कराया। लोगों ने बताया कि टम्मलगंज से तहसील, अस्पताल और बाजार जाने वाला मुख्य मार्ग गंगा का जलस्तर बढ़ते ही अवरुद्ध हो जाता है। ऐसे में लोगों को नाव के सहारे आवागमन करना पड़ता है। ग्रामीणों ने रपटा पर पुल निर्माण को लेकर चल रही कार्रवाई की जानकारी भी दी। जिलाधिकारी ने बताया कि शासन स्तर से बजट स्वीकृत होने के बाद पुल निर्माण का कार्य शुरू कराया जाएगा।