1
1

मीरजापुर के सेमरी गांव के 12 साल के प्रिंस बिंद के अपहरण और हत्या के मामले में पुलिस विभाग पर कार्रवाई का दायरा और बढ़ गया है। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने गुरुवार को विंध्याचल थानाध्यक्ष को लाइन हाजिर कर दिया। इससे पहले गैपुरा चौकी प्रभारी विजय शंकर राय और हल्का प्रभारी राघवेंद्र राय को निलंबित किया जा चुका है।
थानाध्यक्ष को हटाने के साथ ही एसपी ने तीन थानों में फेरबदल भी किया। जिगना के थानाध्यक्ष को विंध्याचल थाने की जिम्मेदारी दी गई है। पड़री के थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह अब जिगना थाना संभालेंगे, जबकि नारायणपुर चौकी प्रभारी महेंद्र को पड़री का थानाध्यक्ष बनाया गया है।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार शाम विंध्याचल थाना क्षेत्र के सेमरी गांव से आरोपी पिंटू प्रिंस को बाइक सिखाने के बहाने अपने साथ ले गया। वह बच्चे को लालगंज थाना क्षेत्र के कुशियरा जंगल ले गया और वहां गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। तलाश में जुटी पुलिस ने कुशियरा फॉल के पास मुठभेड़ में आरोपी को पकड़ा, जिसके दोनों पैरों में गोली लगी। पूछताछ के बाद जंगल से बच्चे का शव बरामद हुआ। जांच में सामने आया था कि अपहरण की सूचना मिलने के बाद भी चौकी स्तर पर ढिलाई बरती गई।
गुरुवार को मीरजापुर की पूर्व जिलाधिकारी और पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल सेमरी गांव पहुंचीं। उन्होंने प्रिंस के परिजनों से मिलकर उनका हाल जाना, संवेदना जताई और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
बच्चा अचानक लापता हो जाए तो इंतजार न करें। तुरंत 112 पर सूचना दें और थाने में लिखित तहरीर देकर उसकी प्राप्ति लें। चौकी या थाने पर सुनवाई न हो तो सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचें।
थंबनेल फोटो साभार (सांकेतिक तस्वीर): SimonP / Wikimedia Commons (CC BY-SA 3.0); Ksh.andronexus / Wikimedia Commons (CC BY-SA 4.0)। संपादित।