1
1

अदलहाट (मीरजापुर)। अदलहाट थाना क्षेत्र के कटका गांव में मजार के पास सोमवार सुबह नहर की पटरी पर फैले बालू से बाइक फिसल गई। बाइक सवार परशुरामपुर गांव निवासी 54 वर्षीय वासुदेव पटेल नहर में गिर गए और डूबने से उनकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार वासुदेव सुबह बाइक से नारायणपुर के लिए निकले थे। करीब साढ़े नौ बजे ग्रामीणों ने उन्हें बाइक समेत नहर के पानी में गिरते देखा और पुलिस को खबर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें नहर से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दामाद संदीप कुमार की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया है। थानाध्यक्ष वैद्यनाथ सिंह ने नहर में गिरकर बाइक सवार की मौत की पुष्टि की।
ग्रामीणों के मुताबिक वासुदेव मेहनत-मजदूरी कर परिवार चलाते थे। उनके परिवार में पत्नी और छह बेटियां हैं। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा है।
नहर की पटरी पर बालू फैलने से दोपहिया वाहनों के फिसलने का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे रास्तों की नियमित सफाई हो और खतरनाक मोड़ों पर चेतावनी बोर्ड लगें, ताकि ऐसे हादसे दोबारा न हों।
थंबनेल फोटो साभार (सांकेतिक तस्वीर): Shemaroo at English Wikipedia (Sivendersingh, email:-Sivende / Wikimedia Commons (CC BY-SA 3.0)। संपादित।